टीम एबीएन, हजारीबाग। सदर थाना क्षेत्र के गुरु गोविंद सिंह रोड में प्लाईवुड कारोबारी सुजीत देव की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गयी। अपराधियों ने घटना को अंजाम गुरुवार की देर रात उनके घर स्थित दूकान के गोडाउन में घुस कर दिया। उनके सर पर और चेहरे पर किसी धारदार हथियार का उपयोग कर कूच कर निर्ममता से हत्या कर दी गयी है। हत्या करने के बाद अपराधी बाहर से गेट पर ताला जड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना उनके बेटे ने पुलिस को दी जो रात से अपने पिता की खोजबीन में जुटा था। जानकारी के मुताबिक गुरुवार को करीब 10 बजे के रात बाद से ही सुजीत देव का फोन बंद आ रहा था। वे अकेले ही रहते थे जबकि उनका पत्नी और बेटे शिवपुरी में रहते थे। इसकी जानकारी मुहल्लावासियों ने दी है। सुबह गेट में बाहर से ताला लगा होने पर परिजनों को आशंका हुई और फिर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद उनकी हत्या के बारे में सभी को जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस को सीढ़ियों पर खून के निशान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी और डीवीआर के साथ भी अपराधियों ने छेड़छाड़ की है। छानबीन के लिए कमरे को सील कर दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
भाई की नहीं हुई थी शादी : अजीत देव (मृतक के बड़े भाई)-घटनास्थल पर सुजीत देव के तथाकथित बेटे रोहित कुमार और उनके बड़े भाई के बीच तू-तू,मैं-मैं हो गयी। मृतक सुजीत देव के बड़े भाई अजित देव ने अपने भतीजे को अपने भाई का बेटा मानने से इंकार कर दिया। कहा कि मेरे भाई ने कोई शादी नहीं की थी। फिर बेटा कहां से आ गया। उनके इस बात पर वहां खड़े लोगों ने उनको खरी-खोटी सुनाई तो वे वहां से निकल लिए। खुद को सुजीत देव का बेटा बतानेवाले युवक रोहित ने कहा कि वे लोग तीन भाई हैं। मेरे पिता हमलोगों के साथ शिवपुरी में रहते थे। हर दिन 9 बजे तक वो घर आ जाते थे। कल जब वो घर समय पर नहीं लौटे और उनका फोन स्विच आॅफ आने लगा तो हमलोग उन्हें ढूंढ़ने लगे। काफी खोजबीन की। लेकिन उनका पता नहीं चला। इस बात की सूचना हमलोगों ने थाने में दे दी। उसके बाद हमलोग दुकान आये। दुकान का शटर बंद था। हमलोगों ने जब नीचे से झांक कर देखा तो पिताजी की स्कूटी नजर आयी। मैंने इसकी सूचना चानो में रहने वाले फूफाजी को दी। उन्होंने कहा कि पुलिस को सूचना दो, उसके बाद दुकान के अंदर जाना। हमलोग पुलिस के पास गए। पुलिस साथ आयी। जिसके बाद पुलिस की निगरानी में सीढ़ी से छत पर चढ़े और नीचे देखा, तो पूरा खून पसरा हुआ था। गोदाम के अंदर पहुंचे तो देखा कि उनकी वीभत्स हत्या कर दी गयी थी। बताया कि उनके पिता के साथ अजीत देव और उनके बेटे सूरज का व्यवहार सही नहीं था। मेरे पिता को कुछ दिन पहले सूरज ने पीटा था। युवक ने कहा कि हमलोगों जिला प्रशासन मांग करते हैं कि मेरे पिता के हत्यारे को गिरफ्तार कर फांसी की सजा दी जाए। इधर, हत्या के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।