टीम एबीएन, रांची। पिछले कई महीनों से पानी के अभाव में सिकिदरी हाइडल से उत्पादन बंद हो गया था, लेकिन अब यहां से बिजली उत्पादन शुरू हो गया है। सिकिदरी हाइडल से उत्पादन शुरू होने से झारखंड विद्युत वितरण निगम ने राहत की सांस ली है। सिकिदरी हाइडल के दोनों यूनिट के चालू होने से करीब 105 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है। एसएलडीसी के महाप्रबंधक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि इसके चालू होने से बिजली की किल्लत से जूझ रहे जेबीवीएनएल को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि इसके दोनों यूनिट से मिलने वाली बिजली को पीक आवर में शाम 6 से 12 बजे तक आपूर्ति की जायेगी। उन्होंने कहा कि गेतलसूद डैम का वाटर लेवल कम होने की वजह से उत्पादन बंद था। इस प्लांट की उत्पादन क्षमता 130 मेगावाट है। उन्होंने कहा कि सबकुछ सामान्य रहा तो आनेवाले दिनों में अपनी पूरी क्षमता के साथ बिजली उत्पादित करेगा।