टीम एबीएन, रांची। चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत सासंग गांव के पास एनएच 75 पर बाइक और बस की टक्कर हो गयी। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार पिता और पुत्र की मौत हो गयी है। मृतकों की पहचान दिनेश भुइयां (28) और उसके पुत्र शिवा (3) के रूप में हुई है। दिनेश चंदवा थाना क्षेत्र के रखात गांव के रहने वाले थे। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। शनिवार सुबह दिनेश अपने पुत्र के साथ बाइक पर सवार होकर लातेहार स्थित अपने ससुराल से अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक यात्री बस ने बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही बाइक पर सवार पिता और पुत्र की मौत हो गयी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मामले की सूचना चंदवा पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों के शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी जब्त कर लिया है।