टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के जगन्नाथपुर में दो सालों के बाद रथ यात्रा और मेले का आयोजन किया जा रहा है। कोविड संक्रमण की वजह से पिछले वर्ष मेले का आयोजन नहीं किया गया था, लेकिन इस बार 1 जुलाई को निकलने वाली रथ यात्रा की भव्य तैयारियां की गईं हैं। रथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिला पुलिस के अलावा रैफ की तीन कंपनियां भी रथ मेले की सुरक्षा को लेकर तैनात की जा रही है।झारखंड की राजधानी रांची के जगन्नाथपुर में 1 जुलाई से लेकर 10 जुलाई तक लगने वाले ऐतिहासिक रथ मेले की तैयारियों को लेकर मंदिर प्रशासन और रांची पुलिस की एक अहम बैठक की। बुधवार को यह बैठक मंदिर परिसर में की गई। इस बैठक में रथ यात्रा और उसमें लगने वाले मेले की सुरक्षा को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक में मंदिर प्रांगण से लेकर लगने वाले मेले की सुरक्षा का खाका तैयार किया गया। रथ यात्रा को लेकर लगभग 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती 1 जुलाई को की जाएगी, जबकि मेले के दौरान 100 पुलिसकर्मी 10 दिन तक मेले में ड्यूटी करेंगे।