झारखंड
लक्ष्य निर्धारण, दृढ़ निश्चय, कठिन परिश्रम, समय निर्धारण एवं सहनशीलता को करें आत्मसात, मिलेगी सफलता : आयुक्त
ABN Bureau
•
29 Jun, 2022
•
6 मिनट में पढ़ें
1 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन, पलामू। आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कहा कि विद्यार्थी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ पढ़ाई करें। अपने को क्रिएटिव बनायें। करियर की चुनाव के लिए किसी दूसरे व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहें और न ही किसी के दबाव में आएं। अपनी रूचि के अनुसार करियर का चुनाव करें। अपनी रूचि से कार्य करें, तो बेहतर एवं सकारात्मक परिणाम आएंगे। विद्यार्थी पढ़ाई के प्रति अधिक से अधिक रूचि जागृत करें और एक-दूसरे विद्यार्थियों के साथ समूह में जुड़कर पढ़ाई करें। इससे सफलता की राह आसान होती है।
आयुक्त आज रोटरी स्कूल, चैनपुर में आयोजित प्रेरक परामर्श कार्यक्रम में कक्षा दसवीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को सफलता के लिए मार्गदर्शन कर रहे थे।
आयुक्त ने जीवन में सफल होने के लिए पांच गुण को आत्मसात करने की सलाह दी। उन्होंने लक्ष्य निर्धारण, दृढ़ निश्चय, कठिन परिश्रम, समय निर्धारण/ समय प्रबंधन एवं सहनशीलता को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इन गुणों को आत्मसात करने से सफलता कदम चुमेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को परामर्श दिया कि अपने अंदर की गुणवत्ता को देखें। अच्छाई और कमजोरियों को आंके और उस आधार पर लक्ष्य का निर्धारण करें। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ अन्य कार्यों एवं गतिविधियों में रूचि, लगन एवं मेहनत के साथ सफल बनाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि जीवन में समस्याएं आती-जाती रहेंगी। समस्याओं से हतोत्साहित होने की आवश्यकता नहीं है। धैर्य से काम लेने से समस्याओं का समाधान आसानी से होता है। आयुक्त ने विद्यार्थियों को समाचार पत्रों के संपादकीय पन्ने की पाठ्य सामग्री को नियमित रूप से पढ़ने की सलाह दी।
आयुक्त ने विद्यालय का भ्रमण किया। वहीं विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया।
विद्यालय के अध्यक्ष एएन शर्मा ने आयुक्त का स्वागत करते हुए कहा कि आयुक्त के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रेरणा मिली है। प्राचार्य अश्लेश कुमार पांडेय ने कहा कि प्रेरक परामर्श कार्यक्रम से न केवल विद्यार्थियों को बल्कि शिक्षकों को लाभ मिला है। भविष्य में इसके स्कूल के शिक्षा व्यवस्था पर इसके सकारात्मक एवं बेहतर परिणाम आएंगे। संचालन स्मिता सिंह ने की।
मौके पर उप प्राचार्य अभिषेक कुमार सिंह, गौरीशंकर मिश्र, एसबीपी गुप्ता, उमा कान्त मिश्र, हर्शबाला, नम्रता पांडेेय, पूनम पांडेय, सुमित कुमार, रंजित कुमार शर्मा, मनोज कुमार यादव, बरूण देव, प्रवीण पाठक सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
विज्ञापन