टीम एबीएन, गिरिडीह। झारखंड में परदेस से तीन दिन पहले लौटे एक शख्स की पत्नी ने हत्या कर दी। हत्या की ये घटना गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के दामा गांव की है। पत्नी द्वारा पति की हत्या करने के मामले का खुलासा सबूतों से हुआ। सुबह-सुबह दिल को दहला देने वाली घटना देख और सुनकर गांव के लोग स्तब्ध थे। सुख-दुख में साथ रहने की कसमें खाने वाली पत्नी की जब पति की हत्या मामले में संलिप्तता सामने आई तब लोग मौका-ए-वारदात पर पहुंचे।
सूचना पाकर बगोदर पुलिस गांव पहुंची और पत्नी को हिरासत में ले लिया। मृतक 35 वर्षीय रामचंद्र महतो की डेड बॉडी को जब्त कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। इस बाबत गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। घटना को पत्नी के अवैध संबंध से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने पति की हत्या पत्नी कौशल्या देवी द्वारा किए जाने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार मृतक कौशल्या की साड़ी में खून का धब्बा पाया गया है। पुलिस का कहना है कि पत्थर से कुचकर पति की हत्या की गई है और घटना में प्रयुक्त पत्थर को पत्नी ने कुएं में डाल दिया।
बताया जाता है कि रामचंद्र महतो तीन दिन पहले ही गुजरात से वापस घर लौटा था, इसी बीच उसकी हत्या कर दी गई। जानकार बताते हैं कि सोमवार की रात सोने के पूर्व पति-पत्नी में अवैध संबंध मामले को लेकर तू-तू, मैं-मैं हो गई थी। इसके बाद सुबह पति रामचंद्र महतो मृत पाया गया। उसके माथे पर चोट के गहरे निशान थे। बताया जाता है कि गांव के जिस लड़के से महिला के अवैध संबंध थे उसी रामचंद्र की हत्या में उसकी पत्नी का सहयोग किया था। पुलिस ने इस घटना के बाद खून से सनी साड़ी को बरामद कर लिया है वहीं पुलिस प्रेमी की तलाश में जुट गई है।