टीम एबीएन, कोडरमा। सेक्रेड हार्ट स्कूल में शनिवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उत्तराखंड में आई आपदा में शहीद सतगावां निवासी संतोष पासवान को श्रद्धांजलि दी गई। स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में एकेडमिक डायरेक्टर प्रमोद शर्मा, प्राचार्य नवीन कुमार के अलावा प्रवीण कुमार, सुभय कुमार, आशुतोष गौतम, रजनी बाला, विकास कुमार और सुनील पाठक ने शहीद संतोष की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शिक्षकों और छात्रों में दो मिनट का मौन रखकर उनके आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। मौके पर प्राचार्य नवीन कुमार ने सैनिकों के त्याग और बलिदान पर अपने विचार रखा और कहा कि देश के लिए सैनिकों के त्याग को भुलाया नहीं जा सकता। वास्तव में सैनिक देश के सच्चे सपूत होते हैं, जो भारत माता की आन, बान, शान और स्वाभिमान के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर कर देते हैं। हमें हमेशा सैनिकों और उनके परिवार वालों के प्रति श्रद्धा और सहानुभूति का भाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे आज इस बात का गर्व है कि देश के लिए शहीद संतोष की तस्वीर पर माल्यार्पण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। बताते चलें कि संतोष पासवान सतगावां के रहने वाले थे और 2013 में उत्तराखंड में आई बाढ़ की विभीषिका में फंसे लोगों को बचाने के क्रम में उनका हेलीकॉप्टर क्रॉस कर गया था। इस घटना में 25 जून को ही संतोष पासवान समेत आइटीबीटी के 18 जवान शहीद हो गए थे। कार्यक्रम का संचालन एकेडमिक को-ऑर्डिनेटर प्रवीण कुमार ने किया। मौके पर संजय मिश्रा, चंदन पांडेय, राहुल कुमार, मनोज सिंह और सुमित साव समेत अन्य शिक्षक, छात्र व शिक्षकेतर कर्मी मौजूद थे।