Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

शरीर और मन को जोड़ने की प्रक्रिया है योग: आयुक्त

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
शरीर और मन को जोड़ने की प्रक्रिया है योग: आयुक्त
विज्ञापन
टीम एबीएन, मेदिनीनगर (पलामू)। योग शरीर और मन को जोड़ने की एक प्रक्रिया है। यह स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है। नियमित रूप से योग करने से स्वास्थ्य ठीक रहेगा। यदि शरीर एवं मन स्वस्थ रहेगा, तो कोई भी व्यक्ति काम को अधिक ऊर्जा से कर सकेगा और उसमें सफलता भी उसे अधिक मिलेगी। यह बातें प्रमंडलीय आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कही। 75वें आजादी के अमृत महोत्सव पर आयुक्त आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शिवाजी मैदान में बोल रहे थे। कार्यक्रम जिला स्वास्थ्य समिति, पलामू एवं पतंजलि योगपीठ के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित था। आयुक्त ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पलामू प्रमंडलवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए योग को अपने जीवन शैली का अंग बनाने एवं योग को अपने दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उपायुक्त शशि रंजन ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग हमारे जीवन के लिए काफी महत्वपूर्ण है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दिन ही योग नहीं करें। हमलोग प्रतिदिन योग का अभ्यास करें, तो इसका लाभ अवश्य मिलेगा। योग हमें शरीर एवं मन को पवित्र करता है। उन्होंने भरोसा जताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिन लोगों ने योग किया है, वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करते हुए प्रत्येक दिन योग का अभ्यास करेंगे। संबोधन पूर्व आयुक्त जटा शंकर चौधरी, उपायुक्त शशि रंजन, मेयर अरुणा शंकर, डिप्टी मेयर मंगल सिंह, सिविल सर्जन अनिल कुमार सिंह, पूर्व क्षेत्रीय स्वास्थ्य उप निदेशक डॉ. आरपी सिन्हा आदि ने दीप प्रज्वलित कर योग शिविर की विधिवत शुरुआत की। मेयर अरुणा शंकर ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की बातें कही। उन्होंने कहा कि योग से जुड़कर स्वस्थ रहें और भविष्य को उज्जवल बनाएं। डिप्टी मेयर मंगल सिंह ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए दैनिक जीवन में योग को अपनाने एवं प्रत्येक दिन योग का अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में योग का बड़ा महत्व है, इसे अपनाने से हम सभी स्वस्थ रहेंगे। पतंजलि योगपीठ के योग शिक्षक राजीव शरण, शीला कुमारी एवं चंदन कुमार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया। सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं आमजनों ने इस पूरे योगाभ्यास में अपनी उपस्थिति बनाए रखते हुए संपूर्ण योगाभ्यास किया। योग को अपनी जीवनशैली बनाने के संकल्प एवं योग से संबंधित एक गीत के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित योगाभ्यास शिविर का समापन हुआ।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 36,769