एबीएन सेंट्रल डेस्क। शुक्रवार को हुई राजधानी रांची में हिंसक घटना के बाद रविवार को एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा और उपायुक्त छवि रंजन ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना को लेकर जानकारी मुहैया कराई है। दोनों अधिकारियों ने अब तक हुई कार्रवाई और मामले की पूरी जानकारी साझा की है।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद राजधानी रांची में बवाल हुआ। उपद्रवियों की ओर से जमकर हंगामा किया गया। इस हिंसक घटना के बाद राजधानी रांची के शहरी क्षेत्रों में 144 धारा लागू कर दी गई थी। दूसरी ओर लगातार पुलिस प्रशासन की ओर से मामले पर निगरानी रखी जा रही थी। शनिवार को भी रांची के विभिन्न क्षेत्रों में धारा 144 लागू रही। वहीं रविवार को भी पाबंदियां रखते हुए कुछ छूट दी गई है। रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा और डीसी छवि रंजन ने प्रेस वार्ता में अब तक की गयी कार्रवाई, कितने एफआईआर दर्ज हुए, इन बातों की तमाम जानकारी मीडिया से साझा की है। उन्होंने बताया कि डेली मार्केट थाना, डोरंडा थाना, कोतवाली थाना, हिंदपीढ़ी, चुटिया थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू रहेगी। इन थाना क्षेत्रों में दोपहर 1 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक जरूरी सामग्रियों खरीदने के लिए स्थानीय लोगों को छूट दी गई है। हालांकि इस दौरान एक जगह पर 4 लोग जमा नहीं हो सकते हैं। ऐसी स्थिति पर पुलिस कार्रवाई करेगी। वहीं अन्य थाना क्षेत्रों में 144 धारा हटा दिए गए हैं।
उपयुक्त छवि रंजन ने जानकारी देते हुए कहा कि अचानक अराजकता की स्थिति को कंट्रोल करने के लिए जिला प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए कार्रवाई की है। वहीं एसएसपी सुरेंद्र झा ने कहा कि कोई भी कहीं का हो और कोई भी लोग हो, जो दोषी पाए जाएंगे उन पर कार्रवाई जरूर होगी। रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों से अब तक 25 एफआईआर दर्ज किए गए हैं, 22 लोग नामजद हैं। अन्य सैकड़ों लोगों को आरोपी बनाया गया है, इस घटना में दो लोगों के मौत की पुष्टि हुई है। वहीं रिम्स में कई लोग अभी भी इलाजरत हैं। शहर में लगातार पेट्रोलिंग चल रही है।