टीम एबीएन, रांची। राजधानी में गुरुवार (9 जून) देर रात तक कई व्यवसायियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी चलती रही। गुरुवार सुबह 6 बजे से शुरू हुई छापेमारी देर रात तक चली। इस दरम्यान इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों की एक टीम चर्च कॉम्पलेक्स में स्थित चार्टर्ड अकाउंट केजरीवाल के कार्यालय में कागजातों को खंगाला तो दूसरी टीम ने पुनीत पोद्दार के प्रेमसंस मोटर्स के कार्यालय में दस्तावेजों की जांच की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विभाग के द्वारा करोड़ों रुपये बरामद किए गए हैं। खबर के अनुसार टैक्स चोरी की सूचना मिलने के बाद आयकर विभाग ने चार्टर्ड अकाउंटेंट केजरीवाल और प्रेमसंस मोटर्स के पुनीत पोद्दार के 25 ठिकानों पर छापेमारी की। पूरी प्रक्रिया के दौरान 12 से ज्यादा अधिकारी टीम में शामिल रहे।