टीम एबीएन, लोहरदगा। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक लोहरदगा द्वारा दिये गए निर्देश के आलोक में जिला के सभी क्रेशर, बालू, बाक्साइड, अवैध रूप से खनन करने वाले के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के क्रम में शनिवार को सदर थाना क्षेत्र के ओएना टुंगरी स्थित स्टोन वर्क्स, ज़ाहिद अख्तर स्टोन वर्क्स, अख्तर अंसारी स्टोन वर्क्स, पीके स्टोन वर्क्स, ज़ाहिद स्टोन वर्क्स के क्रेशर का निरीक्षण एवं स्टॉक पंजी, लाइसेंस की जांच की गई। पीएसजी मिनिरल्स के बॉक्साइट भंडारण, ज्ञानचंद्र अग्रवाल के कुटमु स्थित बॉक्साइट भंडारण की भी जांच की गई। इसके अलावा भक्सो स्थित शिव मंदिर के पीछे अवैध बालू खनन कर भंडारण की सूचना पर में छापामारी की गई करीब 2500 (CFT) बालू जप्त किया गया। इस संबंध में सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। छापामारी अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद लाल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बीएन सिंह, जिला खनन पदाधिकारी लोहरदगा, अंचलाधिकारी सदर अरुण तिर्की, थाना प्रभारी सदर मंटू कुमार व पुलिस जवान शामिल थे।