टीम एबीएन, कोडरमा। कोडरमा जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां अवैध रूप से चल रहे 35 क्रशरों को प्रशासन ने बुलडोजर से नेस्तनाबूद कर दिया है। कोडरमा उपायुक्त आदित्य रंजन के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। इसके लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया था।
बता दें कि कोडरमा स्थित मरकच्चो प्रखंड के नवलसाही थाना क्षेत्र में कई अवैध क्रशर चल रहे थे। प्रशासन ने शुक्रवार को इस थाना क्षेत्र के पुरनानगर पंचायत स्थित खटोलिया क्रशर मंडी में चल रहे अवैध क्रशरों पर बुलडोजर चला दिया। इस कार्रवाई के लिए कोडरमा उपायुक्त आदित्य रंजन ने निर्देश जारी किया था। उनके निर्देश के बाद एक टास्क फोर्स का गठन कर जिला प्रशासन व प्रखंड प्रशाशन ने खटोलिया क्रशर मंडी के पत्थर औद्योगिक क्षेत्र में अब तक 30 से 35 क्रशर ध्वस्त कर दिए हैं। जिले से भारी पुलिस दल उन स्थानों पर पहुंचा, जहां अवैध क्रशर का संचालन हो रहा था या बंद पड़ा था। अधिकारियों की टीम ने ऐसे सभी क्रशर पर कारवाई कर उन्हें ढाह दिया, जो बंद कर रखे गए थे या जिनके वैद्य कागजात दिखाने कोई सामने नहीं आया। ऐसे क्रशरों को अवैध मानते हुए बुलडोजर चलाकर क्रशर प्लांट का नक्शा ही बदल दिया गया। इस संबंध में डीएमओ दारोगा राय ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की कड़ी कारवाई आगे भी जारी रहेगी। इस प्रकार की कार्रवाई खटोलिया क्रशर मंडी में पहली बार हुई है। इस कार्रवाई से नवलशाही के खटोलिया समेत आसपास के क्रशर व पत्थर व्यवसायियों में हड़कंप सा मच गया है। इस अभियान के दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में पंकज कुमार, एसडीपीओ अशोक कुमार, डीटीओ भागीरथ प्रसाद, एसीएफ गौर सिंह मुंडा, डोमचांच इंस्पेक्टर द्वारिका राम, रेंजर रविंद्र कुमार, प्रदूषण नियंत्रण पार्षद हजारीबाग चंदन कुमार यादव, सीओ राम सुमन प्रसाद, नवलशाही थाना प्रभारी पंचम तिग्गा, मरकच्चो थाना प्रभारी सुमित कुमार साव, एसआई रंजीत कुमार, एएसआई टुनटुन चौधरी समेत भारी संख्या में पुलिसबल के जवान उपस्थित थे।