टीम एबीएन, देवघर। देवघर के एक बैंक में दिनदहाड़े डकैती हो गई। 5 की संख्या में आए डकैतों ने 16 लाख से ज्यादा रुपये लूट लिए। सभी डकैतों ने नकाब लगा रखा था। बताया जा रहा है कि कैश वैन ने जैसे ही बैंक में रुपये दिए, उसके बाद डकैतों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। डकैती की यह वारदात एसबीआई के सिरसा ब्रांच में हुई है। 5 की संख्या में आए डकैतों ने 16 लाख 12 हजार रुपये दिनदहाड़े लूट लिए है। बताया गया कि कैश वैन ने बैंक को पैसे दिए और उसके तुरंत बाद बैंक में डकैत घुस आए। ये सभी डकैत हथियारों से लैस थे। सभी ने हेलमेट और मास्क लगा रखे थे। उन्होंने बैंक में घुसते ही मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया और डकैती को अंजाम देकर फरार हो गए। इस डकैती की सूचना बैंककर्मियों ने मोहनपुर थाने को दी। सूचना के बाद देवघर एसपी सुभाष चंद्र जाट, देवघर एसडीपीओ पवन कुमार और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सहित मोहनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। एसपी सुभाष चंद्र जाट ने कहा कि कैश वैन के द्वारा बैंक में रुपए रखने के बाद मौके की तलाश में जुटे 5 नकाबपोश अपराधियों ने बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस मुस्तैदी के साथ घटना की छानबीन कर रही है। बहुत जल्द डकैतों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। फिलहाल, हम सबूत इकट्ठा कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है।