टीम एबीएन, रांची। रांची के जमीन कारोबारी कमल भूषण की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। ये घटना पंडरा ओपी स्थित देवी मंडप रोड में हुई है। दरअसल कमल भूषण किसी के मिलने जा रहे थे, लेकिन इसी बीच फोन आने पर गाड़ी से उतरकर बात करने लगे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उनपर गोली चला दी। अपराधियों ने कमल भूषण को चार गोली मारी, जिसमें से एक गोली उनके सिर में लगी और बाकी तीन शरीर के अन्य हिस्सों में लगी। गोली लगते ही कमल भूषण मौके पर ही गिर गये, जिसके बाद स्थानीय लोग उन्हें आनन-फानन में पास स्थित चौधरी नर्सिंग होम ले गए। जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंच कर मामले की जांच में जुटी हुई है। कमल भूषण का शव पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।