टीम एबीएन, मेदिनीनगर (पलामू)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2022 का काउंटडाउन (उलटी गिनती कार्यक्रम) शुरू हो चुका है। 21 जून को मनाए जाने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 39 दिन पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो, डालटनगंज द्वारा जेलहाता स्थित कार्यालय प्रांगण में प्रात: छह बजे से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आजादी के अमृत महोत्सव के परिप्रेक्ष्य में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2022 से पूर्व इस योग उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। योग प्रशिक्षक श्री राजीव शरण के नेतृत्व में कार्यालय के सभी अधिकारी/कर्मचारी एवं आम लोग सामान्य योग प्रोटोकॉल का अभ्यास एवं योगासन करेंगे। इस दौरान उन्हें योग के जरिए होने वाले मानसिक एवं शारीरिक फायदों के बारे में भी बताया जाएगा। वर्ष 2005 से योग का प्रशिक्षण दे रहे श्री राजीव शरण ने बताया कि पतंजलि योग समिति से जुड़कर उन्होंने योग, नैचुरोपैथी, आयुर्वेद एवं योग षटकर्म का प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
हर साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 21 जून को मनाया जाता है। इसके लिए आयुष को नोडल मंत्रालय बनाया गया है। इस दिन योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सुबह सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम और इसके बाद योग संबंधी अन्य गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
इस साल राष्ट्र स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत आयुष मंत्रालय ने 100 विभिन्न संगठनों की भागीदारी के साथ 13.03.2022 से शुरू होने वाले 100-दिवसीय उलटी गिनती कार्यक्रम शुरू किया है। इस संबंध में आयुष मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की उलटी गिनती कार्यक्रम को मनाने के लिए सामान्य योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) पर आधारित योग अभ्यासों और अन्य संबंधित गतिविधियों को आयोजित करने के लिए हर एक मंत्रालय को विशिष्ट तिथियां आवंटित की हैं, इसके तहत सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को 13.05.2022 का दिन आवंटित किया गया है।