टीम एबीएन, बोकारो। बोकारो स्टील और बीपीएससीएल के ज्वाइंट वेंचर में चल रहे पावर प्लांट के ऐश पोंड की सफाई का कार्य एचएससीएल कंपनी को दिया गया है। एचएससीएल ने इस काम को करने के लिए स्थानीय एफएम इंटरप्राइजेज को दे दिया है। एफएम इंटरप्राइजेज की लापरवाही से काम करने के दौरान आज अचानक पोंड के टूट जाने से पोंड के किनारे बसे राउतडीह के 25 घरों में अचानक पानी घुस गया। इससे इन घरों का सारा सामान नष्ट हो गया। जानवर पानी में बह कर दूर चले गए। घर में रहने वाले लोग और बच्चे किसी तरह अपनी जान बचाकर ऊंची जगह पर पेड़ की शरण में जाकर बैठ गए। इस लापरवाही के बाद भी प्रबंधन ने लोगों की सुध नहीं ली है। पीड़ितों के मुताबिक उनके घरों में रखे खाने पीने का पूरा सामान नष्ट हो चुका है। वे लोग दाने-दाने के लिए मोहताज हो गए हैं। लोगों का कहना है कि पहले भी प्रबंधन को इस आशंका से अवगत कराया गया था, लेकिन प्रबंधन की लापरवाही और ठेकेदार की मिलीभगत से इस तरह की घटना आज हुई है। घर में खाने का सामान, बर्तन, कपड़ा, बिछोना पूरी तरह से पानी में भींग कर नष्ट हो चुके हैं। जानवर भी पानी की तेज बहाव में बह गए। जानकारी के मुताबिक दो पौंड में कार्य किया जाना है, जिसमें एक पौंड में 20 करोड़ और दूसरे में 16 करोड़ खर्च किया जाना है। बावजूद इसके बिना सतर्कता के साथ काम को शुरू किया गया। जिस कारण आज लोगों को परेशानी हो रही है। हालांकि प्रबंधन और ठेकेदार कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं हैं।