टीम एबीएन, रांची। झारखंड खान एव उद्योग विभाग की सचिव पूजा सिंघल के ठिकानों पर ईडी का छापा लगातार दूसरे दिन भी जारी है। हालांकि अब इसका दायरा पूजा सिंघल के अस्पताल पल्स और आवास तक सिमट गया है। पल्स अस्पताल में ईडी की टीम अभी भी मौजूद है और वित्त विभाग के अधिकारियों के साथ कागजात खंगाल रही है। ईडी सूत्रों के मुताबिक, पल्स अस्पताल में छापेमारी के दौरान भी अस्पताल के मालिकाना हक समेत कई जगह निवेश से जुड़े कागजात मिले हैं। जांच के दौरान झारखंड कैडर के अन्य ब्यूरोक्रेट्स और सफेदपोशों की भूमिका भी इस मामले में सामने आई है। ईडी की टीम शुक्रवार को सुबह छह बजे ही पल्स अस्पताल पहुंची थी। इसके बाद अस्पताल के बाहर सीआरपीएफ जवानों को तैनात कर दिय गया था। ताकि अस्पताल में मरीजों को छोड़कर कोई अंदर न आ सके। पल्स अस्पताल के सातवें तल्ले पर ईडी की टीम दूसरे दिन भी डटी हुई है। शनिवार को ईडी की टीम के साथ-साथ वित्त विभाग के अधिकारियों की टीम भी मौजूद है जो कागजातों की जांच कर रही है। शुक्रवार की रात ईडी की टीम ने सुमन कुमार और उसके भाई पवन को हिरासत में लिया था, हालांकि पवन को पूछताछ के बाद ईडी की टीम ने शनिवार की सुबह में ही छोड़ दिया। लेकिन पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार जिसके यहां से 19.31 करोड़ नगद मिले उसे हिरासत में लेकर ईडी कार्यालय में पूछताछ की जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि शनिवार की देर शाम तक ईडी पूरे मामले में प्रेस रिलीज जारी कर आधिकारिक रूप से छापे से सम्बंधित जानकारी देगी।