टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना के एक्टिव मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। गुरुवार, 5 मई को झारखंड में 7772 सैंपल का जांच हुई, जिसमें 4 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई है। वहीं, दो कोरोना संक्रमित मरीज रिकवर भी हुए हैं। जिसके बाद झारखंड में कोरोना एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। गुरुवार, 5 मई को चतरा और देवघर में 1-1 और जामताड़ा में 2 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इस दौरान रांची में दो कोरोना संक्रमित ठीक हुए हैं, जिसके बाद खूंटी में 1, पूर्वी सिंहभूम में 2, देवघर और जामताड़ा में 5-5, चतरा में 11 और रांची में 23 कोरोना एक्टिव केस हो गए हैं। इस तरह से राज्य में कुल एक्टिव केस की संख्या 47 हो गई है। हर दिन एक्टिव केस में बढ़ोतरी चिंता का विषय है। झारखंड में अभी तक 2 करोड़ 18 लाख 39 हजार 126 सैंपल कोरोना जांच के लिए लिए गए हैं। जिसमें 02 करोड़ 18 लाख 24 हजार 694 सैंपल की जांच हुई है और उसमें से 04 लाख 35 हजार 263 सैंपल पॉजिटिव मिला, इनमें से 04 लाख 29 हजार 899 कोरोना संक्रमित ठीक हो गए। वहीं, अब तक 5317 लोगों की करोना से मौत हुई है।