Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

जमशेदपुर : 15-17 घंटे बिजली कटौती पर हाथ में पंखा थाम रघुवर ने किया प्रदर्शन

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
जमशेदपुर : 15-17 घंटे बिजली कटौती पर हाथ में पंखा थाम रघुवर ने किया प्रदर्शन
विज्ञापन
टीम एबीएन, जमशेदपुर। भीषण गर्मी के बीच जमशेदपुर के विभिन्न इलाकों में 15-17 घंटे की बिजली कटौती से लोग परेशान और हताश हैं। बिजली कटौती के कारण न सिर्फ आम जनता परेशान हैं, बल्कि कई उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी खासा असर है। बिजली की अनियमित आपूर्ति और अघोषित, असमय बिजली कटने से हो रही समस्याओं को देखकर भारतीय जनता पार्टी ने सड़क पर उतर कर राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले सैकड़ों की संख्या में लोगों ने आक्रोश रैली निकाली। इस रैली में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और पूर्वी सिंहभूम के सांसद विद्युत वरण महतो शामिल हुए। हाथों में पंखा, मोमबत्ती और लालटेन लेकर नारेबाजी के साथ लोगों ने आक्रोश रैली निकालते हुए दो किलोमीटर बिरसानगर के मुख्य सड़क से होते हुए संडे मार्केट पहुंचे। इस दौरान सड़क पर आक्रोश रैली में लोग जुड़ते गए और रैली का कारवां आगे बढ़ता गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए बदहाल बिजली व्यवस्था पर आक्रोश जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्ती, पंखे, मोमबत्ती और लालटेन लेकर राज्य सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा कि जमशेदपुर की जनता भीषण गर्मी में त्राहिमाम कर रहे हैं। पिछले 28 महीनों में निकम्मी और निष्क्रिय सरकार के कारण बिजली व्यवस्था चौपट है। बच्चों की परीक्षाएं हो रही है, लेकिन बिजली नहीं होने के कारण देश का भविष्य भी प्रभावित हो रहे हैं। पूर्व सीएम ने हेमंत सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राज्य की जनता से ज्यादा अपने परिवार की चिंता है। हेमंत सोरेन अपनी पत्नी के नाम पर 11 एकड़ जमीन लेते हैं, खुद के नाम पर खनन पट्टा, प्रतिनिधि एवं प्रेस-सलाहकार के नाम से ठेका लेते हैं। उन्होंने राज्य में अवैध खनन पर भी सरकार को घेरा।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 34,804