टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग, रांची की वरीय शिक्षिका सुधा वर्मा को भावभीनी विदाई दी गई। उन्होंने सम्पूर्ण समर्पण और कर्त्तव्यनिष्ठा के साथ अपना पच्चीस वर्ष का सेवा काल पूर्ण कर अवकाश प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सहित शिक्षक- शिक्षिकाओं ने सुधा वर्मा के साथ के अनुभव साझा किए। श्रीमती वर्मा ने भी इस शानदार विदाई के लिए विद्यालय परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। प्राचार्य एसके मिश्रा ने श्रीमती वर्मा को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह तो शाश्वत नियम है कि हर आरंभ का अंत होता है। पर अंत सुखद होना परम संतुष्टि दिलानेवाला होता है। सुधा की सबसे बड़ी खूबी उनकी सौम्यता और सरलता है, जो वह छोटे - छोटे कोमल बच्चों को भी अपना बना लेती हैं और कितनी जल्दी वे लिखना-पढ़ना सीख जाते हैं, जिसे देखनेवाले चकित रह जाते हैं। विदाई समारोह में विद्यालय परिवार के साथ-साथ सुधा वर्मा के परिवार के मानद सदस्य भी उपस्थित थे। शांति पाठ के साथ सभा की समाप्ति हुई।