टीम एबीएन, पलामू। नाद ब्रह्म कला मंच में मासिक सांगीतिक बैठक की गई। पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर, प्रताप नगर रेडमा के नाद ब्रह्म कला मंच में मासिक सांगीतिक बैठक आयोजित हुई।जिसकी शुरुआत शहर के जाने-माने बांसुरी वादक पवन शर्मा ने राग भूपाली के साथ की। उसके बाद संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद का मनमोहक गायन रहा। शहर के प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक एवं संस्था के सचिव सौरव दुबे ने राग श्याम कल्याण में बंदिश गाया। साथ ही तबले पर शहर के गुणी तबला वादक कामेश्वर सिंह संगत पर नजर आए। इसके बाद सुमन मिश्रा, रमेश पाठक, सोनकर एवं वेद का गायन हुआ। तबले पर चंदन देव का साथ रहा। संस्था के अध्यक्ष ने बताया कि यह मासिक बैठक हर महीने आयोजन किया जाएगा, जिससे शास्त्रीय संगीत एवं सुगम संगीत का प्रचार व प्रसार पलामू में होते रहे एवं कलाकारों में आपसी प्रेम बना रहे और संगीत का कल्याण होता रहे।