लातेहार। लातेहार पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए टीपीसी के एरिया कमांडर रमेश गंझू उर्फ़ बोड़ा जी सहित 7 उग्रवादियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। लातेहार एसपी प्रशांत आनंद को मिली गुप्त सूचना पर एएसपी अभियान विपुल शुक्ला के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने यह सफलता हासिल की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बालूमाथ थाना के शेरगढ़ा के पास टीपीसी के उग्रवादी किसी व्यवसाई से लेवी की राशि वसूलने पहुंचने वाले हैं। छापेमारी दल ने सबसे पहले टीपीसी के तीन उग्रवादियों को एक लोडेड देशी रिवाल्वर और तीन सेट वर्दी के साथ पकड़ा। फिर उनकी निशानदेही पर शेरगड़ा के झरी साव को लेवी के 20 हज़ार रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। एएसपी विपुल पांडेय ने बताया कि झरी के बताये अनुसार कार्रवाई कर बालूमाथ के बकरु टोला भेलवाही से टीपीसी के एरिया कमांडर रमेश गंझू उर्फ़ बोड़ा जी को एक सेमी आटोमेटिक राइफल, 136 जिन्दा गोली और लेवी के रुपयों के साथ पकड़ा गया। इसी क्रम में तीन अन्य उग्रवादी भी पकड़े गये। उनके पास से 1 लाख 47 रुपये नकद, कपड़ा और सामग्री बरामद की गयी। मौके पर से चार अन्य उग्रवादी भागने में सफल रहे। एएसपी ने बताया कि एरिया कमांडर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है तथा उसके विरुद्ध ज़िले के बालूमाथ, चंदवा और हेरहंज, चतरा के टंडवा व अन्य सीमावर्ती थानों में एक दर्जन से ज्यादा रंगदारी, आगजनी और हत्या के मामले दर्ज हैं।