टीम एबीएन, कोडरमा। सीटू सहित विभिन्न मजदूर कर्मचारी संगठनों की बैठक शैलेन्द्र तिवारी की अध्यक्षता में वीर कुंवर सिंह पार्क झुमरीतिलैया में हुई। बैठक अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाने को लेकर चर्चा की गई और निर्णय लिया गया कि 1 मई को शाम चार बजे से वीर कुंवर सिंह पार्क में मई दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भारत मे मई दिवस आयोजन के 100 साल पूरे हो रहें हैं। वर्ष 1923 मे मद्रास शहर के समुद्र तट पर कॉमरेड एम सिंगारवेलू ने मेहनतकशों का लाल झंडा फहराया था। इसलिए भारत मे मई दिवस की शताब्दी को बड़े पैमाने पर मनाए जाने और मेहनतकशों की एकता को मजबूत करने की जरूरत है। आज जब केंद्र सरकार की नीतियों के कारण मजदूर वर्ग पर चौतरफा हमला बढ़ रहा है, मजदूरों के हित में बना श्रम कानूनों को समाप्त कर मालिक पक्षीय चार लेबर कोड लागू किया जा रहा है, ऐसे समय में मजदूर वर्ग के संघर्षों को तेज करना होगा। बैठक में सीटू राज्य कमिटी सदस्य संजय पासवान, बीमा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महावीर यादव, सचिव मनोरंजन कुमार, कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र तिवारी, बीएसएसआरयू के अध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता, सचिव दिलीप कुमार सिन्हा, डीवीसी श्रमिक यूनियन के राजमोहन कुमार, अरूण कुमार, आंगनबाड़ी संघ की जिला सचिव वर्षा रानी, निर्माण मजदूर यूनियन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश व सचिव शम्भु पासवान आदि मौजूद थे।