टीम एबीएन, रांची। हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत हपवा श्रोत्रिय ब्राह्मण विनोद पांडेय के सुपुत्र राकेश पांडेय की रांची के रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गयी। बताया जाता है कि वह पिछले दिनों अपने गांव हपवा से कोडरमा रेलवे जंक्शन बाइक से किसी को छोड़ने गया था। लौटने के क्रम में चन्दवारा (कोडरमा) थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाब के बगल गजरे के समीप जानवर को बचाने के चक्कर में बाइक असंतुलित हो कर शादी समूह में जा घुसी, जिससे आक्रोशित स्थानीय लोगों ने राकेश की बेरहमी से पिटाई कर दी। जिसके बाद गश्ती पुलिस उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती करायी और बाइक को थाना में रख लिया। नाजुक स्थिति देख उसे बरही और बाद में रिम्स (रांची) में भर्ती कराया गया, जहां कल शाम इलाज के दौरान मौत हो गयी। ज्ञात हो कि थाने में प्राथमिकी दर्ज नहीं होने के कारण अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस घटना से मृतक के गांव में मातम छाया हुआ है। इस घटना की निन्दा करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दोषी लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। बताते चलें कि मृतक के बड़े पापा उपेन्द्र पांडेय की मौत पिछले महीने हो गई थी। मृतक के छोटे-छोटे तीन बच्चे हैं। घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। इस घटना से श्रोत्रिय ब्राह्मण समाज के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।