टीम एबीएन, रांची। रांची में शुक्रवार रात में बाइक की टक्कर से सड़क पर गिरे युवक की बोलेरो से कुचल दिया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोगा उरांव (45) सिमलिया, रातू के रूप में हुई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर बबाल किया और आरोपी की बाइक को जलाकर राख कर दिया। यह सड़क दुर्घटना रातू थाना क्षेत्र के दलादिली के पास की है। जानकारी के मुताबिक युवक को टक्कर मारने के बाद चालक बोलेरो मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया। वहीं मृतक को जिस बाइक से धक्का लगा था, उसे आक्रोशित ग्रामीणों ने आग के हवाले कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने करीब दो घंटे तक घटनास्थल पर सड़क जाम कर दिया। जिससे सड़क के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क जाम में कई बाराती वाहन भी फंस गये। घटना की सूचना पाकर रातू सीओ प्रदीप कुमार, डीएसपी अंकिता राय, थाना प्रभारी आभाष कुमार, अरविंद सिंह सहित रातू पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस- प्रशासन के अधिकारियों ने घटना से गुस्साए ग्रामीणो को समझा-बुझाकर सड़क से हटाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा समझाए जाने पर बाद में ग्रामीण सड़क से उस समय हटे जब हादसे को लेकर उनकी मांग को मानने के लिए प्रशासन के अधिकारी तैयार हुए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दलादिली चौक से शराब दुकान हटाया जाए। इसके अलावा सडक पर स्पीड ब्रेकर लगाया जाए एवं मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि दी जाए। पुलिस ने शव को रात में अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। इधर, पुलिस गुस्साई भीड़ द्वारा फूंकी गई बाइक के मालिक और उसके चालक का पता लगा रही है।