टीम एबीएन, खूंटी (रांची)। जिले के अड़की इलाके में बाइक सवार तीन अपराधियों ने दिनदहाड़े तीन लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने ब्लॉक कैंपस में बैठी यूनियन बैंक की बैंक मित्र प्रभा कुमारी को गोली मारकर उससे तीन लाख रुपये लूटकर फरार हो गये। पेट में गोली लगने से घायल प्रभा कुमारी को प्रारंभिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार यूनियन बैंक की बैंक मित्र प्रभा कुमारी सेंट्रल बैंक के बने चबूतरे पर बैठी हुई थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अपराधी पहुंचे और उससे रुपये से भरा बैग छिनने की कोशिश करने लगे। बैंक मित्र प्रभा कुमारी के विरोध करने पर अपराधियों ने उसे गोली मार दी और रुपयों से भरा बैग लेकर अड़की बस्ती की तरफ फरार हो गए। एसपी अमन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन अज्ञात अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि तीन माह पूर्व भी अड़की थाना क्षेत्र के खूंटी तमाड़ मुख्य पथ स्थित खेसारीबेड़ा गांव के समीप यूनियन बैंक मित्र विवेक कुमार से तीन लाख रुपये लूट हो चुकी है, जिसमें तीन हथियारबंद अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। जिले में लगातार हो रही लूट की घटना से लोगों में दहशत है और वे पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।