टीम एबीएन, धनबाद। बैंक मोड़ थाना से कुछ ही दूर बुधवार 20 अप्रैल को लगभग 5 बजे कोयला व्यवसायी कतरास निवासी रविकांत हजारी उर्फ बाबू हजारी की कार पर दो बाइक सवार अपराधियों ने हमला कर दिया। अपराधियों ने कार का शीशा तोड़ कर 2.50 लाख रुपये लूट लिये। व्यवसायी को कार से खींच कर बाहर निकालने का भी प्रयास किया। परंतु लोगों की भीड़ और पुलिस को आते देख अपराधी फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। बैंक मोड़ झरिया रोड में झरिया से धनबाद की ओर आ रहे कतरास निवासी रविकांत हजारी उर्फ बाबू हजारी को दो बाइक सवार ने घेर कर लूट लिया। बाबू हजारी ने बताया कि वह झरिया कतरास मोड़ से तगादा का पैसा ढाई लाख रुपये लेकर आ रहे थे। उनके पास साढे तीन लाख रुपये पहले से थे। कुल साढ़े पांच लाख रुपये उनके पास थे। ढाई लाख रुपये कार के आगे की डिक्की में थे। उन्होंने बताया कि बैंक मोड़ के समीप दो पल्सर बाइक पर दो झ्र दो लोग सवार थे। उन्होंने कार को आगे और पीछे से घेर लिया। हेलमेट से कार के आगे का शीशा और गेट तोड़ दिया। तब तक दूसरी बाइक पर सवार लोगों ने दूसरी ओर से कार के आगे की खिड़की से ढाई लाख रुपये निकाल लिये। अपराधियों ने उन्हें कार से बाहर निकाल कर मारने की कोशिश भी की। परंतु लोगों की भीड और पुलिस को आते देख अपराधी फरार हो गए. कहा कि इससे पहले भी उन पर दो बार जानलेवा हमला हो चुका है. बाबू हजारी बार बार सुरक्षा की गुहार लगा रहे थे। पुलिस उनकी कार को थाने ले गई। व्यवसायी से बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी ली। बैंक मोड थाना प्रभारी ने कहा कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। घटनास्थल के समीप लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जाएगा और अपराधियों पर कार्रवाई की जाएगी।