गढ़वा। गढ़वा-शाहपुर मुख्य मार्ग पर भीखही मोड़ के समीप ई पास व ट्रिपल लोडिंग वाहन की जांच कर रहे एक पुलिस की जवान को मोटरसाइकिल सवार ने जोरदार धक्का मार दिया। पुलिस जवान की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि मोटरसाइकिल सवार एक युवक की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई। साथ ही मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में मृतक जवान पलामू जिला के छतरपुर के रसीदा गांव निवासी (मूल निवासी भोजपुर बिहार) प्रमोद राय 40 वर्ष बताया गया है। जबकि मोटरसाइकिल सवार मृतक पलामू जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के पथरा गांव निवासी सुभाष कुमार 26 वर्ष है। घायलों में पथरा गांव निवासी क्रांति कुमार 22 वर्ष व छोटू कुमार 20 वर्ष का नाम शामिल है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार डंडा पुलिस भीखही मोड़ पर ई पास व ट्रिपल लोडिंग वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पथरा की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल सवार को आरक्षी प्रमोद राय ने रोकने का प्रयास किया। मोटरसाइकिल तेज रफ्तार के कारण प्रमोद राय को धक्का मारते हुए कुछ दूर जाकर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे जवान प्रमोद राय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान सुभाष कुमार की मौत हो गई। घायल दो अन्य मोटरसाइकिल सवारों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी श्रीकांत एस खोटरे, एसडीपीओ अवध कुमार यादव, गढ़वा थाना प्रभारी संजय कुमार ने अस्पताल पहुंचकर दुख प्रकट किया। एसपी ने बताया कि पुलिस भिखही मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच जवान को एक मोटरसाइकिल सवार ने धक्का मार दिया। जिससे जवान की मौत हो गई। यह बहुत ही दुखद घटना है। एसपी ने लोगों से अपील किया है कि पुलिस आपकी सेवा में है। मदद करें । ताकि इस तरह की घटना दोबारा ना हो। मृत आरक्षी के शव का पोस्टमार्टम कराकर घर भेज दिया गया है। पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कुमार कुशवाहा ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि पुलिस कप्तान द्वारा अगर पहले से तैयारी कर बैरिकेटिंग व ब्रीफिंग जवानों के साथ किया जाता तो शायद इस तरह की घटना नहीं घटती। उन्होंने कहा घटना की सूचना महासंघ को दे दी गई है।