टीम एबीएन, कोडरमा। सेक्रेड हार्ट स्कूल के ऑडिटोरियम में शनिवार को रामनवमी उत्सव कार्यक्रम किया गया। मौके पर राम के रूप में मयंक पांडेय, सीता के रूप में जाह्नवी ओझा, लक्ष्मण के रूप में आभाष जेठवा और हनुमान के रूप में पृथ्वी राज आकर्षण का विशेष केंद्र थे। कार्यक्रम के दौरान एकेडमिक डायरेक्टर प्रमोद शर्मा प्राचार्य, नवीन कुमार और विनोद कुमार का तिलक लगाकर बच्चों ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की आरती उतारी। कार्यक्रम के प्रारंभ में शिक्षक मनोज पांडेय ने राम के जन्म से संबंधित चौपाई सुनाई। इसके बाद संगीत शिक्षिका शालू अरोड़ा ने एक भजन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में 22 प्रतिभागियों ने रामनवमी के महत्व पर अंग्रेजी और हिंदी में अपने विचारों को रखा। वहीं कुछ बच्चों ने रामनवमी से संबंधित स्वरचित कविताएं भी सुनाई। कार्यक्रम का संचालन मेघा सिंह, सौम्या कुमारी और आर्ची कुमारी ने संयुक्त रुप से किया। एकेडमिक डायरेक्टर प्रमोद शर्मा ने बच्चों को प्रभु राम के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए रास्ते पर चलने की आवश्यकता बताई। जबकि प्राचार्य नवीन कुमार ने कहा कि प्रभु राम का जीवन और रामायण संबंधों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि किसके साथ हमारा कैसा संबंध होना चाहिए, इस बात की सीख प्रभु राम के जीवन से मिलती है। कार्यक्रम प्रवीण कुमार और रजनी बाला की देखरेख में हुआ। बच्चों के साज सज्जा में मिथिलेश कुमार सिंह के महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान प्रवीण कुमार, रजनी बाला और रमेश कुंज ने भी अपने विचार रखे। मौके पर शिक्षकों में शंकर कुमार, विशाल आनंद, श्रुति गुप्ता, निर्मल अरोड़ा समेत कई बच्चे मौजूद थे।