टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मैट्रिक-इंटर की परीक्षा 25 अप्रैल को खत्म हो रही है। इससे पूर्व अगले हफ्ते के मंगलवार तक पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी हो जाएगी। पंचायत चुनाव मई में चार चरणों में होंगे।
पंचायती राज विभाग और राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी तैयारी कर ली है। चुनाव से संबंधित फाइल भी राजभवन को भेजा गया है। राज्यपाल से हरी झंडी मिलते ही अधिसूचना जारी हो जाएगी। पहले चरण का मतदान 14 मई और अंतिम यानी चौथे चरण का मतदान इसी माह के 27 तारीख को खत्म होगा। वहीं जून के पहले दो सफ्ताह में मतगणना की कांउटिंग भी हो जाएगी।
बताते चलें कि पंचायती राज का कार्यकाल दिसंबर 2020 में खत्म हो गया था। पर कोरोना आपदा के कारण यह नहीं हो सका और अबतक समिति बनाकर पंचायतों के विकास से संबंधित काम चलाया जा रहा है। समिति को मई 2021 तक का समय विस्तारित किया जा चुका है । बाद में पंचायत चुनाव होने तक के समय के लिए विस्तार किया गया।
चुनाव नहीं होने पर केंद्र ने राशि रोकने की दी चेतावनी : केंद्र सरकार ने पूर्व में ही कह चुका है कि पंचायत चुनाव न कराने पर केंद्रीय राशि रोक दी जाएगी। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने जल्दी चुनाव कराने का निर्णय लिया है।
इधर, पंचायती राज विभाग ने भी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आधार पर ओबीसी को बिना आरक्षण दिए चुनाव कराने की अधिसूचना जारी कर दिया है। ओबीसी के लिए आरक्षित सीटों को इस बार सामान्य सीट मानकर चुनाव होंगे। इधर, निर्वाचन आयोग ने राज्य के सभी उपायुक्तों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि चुनाव की घोषणा के बाद मतदान केंद्रों में बदलाव नहीं होंगे। सिर्फ क्रिटिकल कंडीशन में कुछ केंद्रों में बदलाव किए जा सकते हैं।