टीम एबीएन, रांची। भारतीय रेलवे ने गोड्डा जिले के लोगों को बड़ी सौगात दी है। झारखंड के गोड्डा जिले से राजधानी रांची तक का सफर अब आसान हो गया है। गोड्डा में रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के बाद राजधानी रांची के लिए यह दूसरी ट्रेन गोड्डा से शुरू होने जा रही है। इससे पहले एक ट्रेन मिली जरूर थी पर अधिक समय लगने के कारण लोग उस ट्रेन को पसंद नहीं कर रहे थे।
18604 गोड्डा-रांची एक्सप्रेस ट्रेन चल जरूर रही थी पर वो ट्रेन पूरे 17 घंटे का समय ले रही थी। ये ट्रेन गोड्डा से भगलापुर वाया किउल-जसीडीह होते हुए रांची जाती थी। इस ट्रेन से बहुत अधिक समय लगने के कारण गोड्डा के लोग इस ट्रेन से कम ही यात्रा करते थे। वहीं अब गोड्डा को नई ट्रेन की सौगात मिलने वाली है जो राजधानी रांची तक के सफर को आसान कर देगी। इस नई गाड़ी संख्या 08620 का उद्धघाटन 9 अप्रैल को किया जाएगा। यह वही ट्रेन है जिसे लोग दुमका इंटरसिटी के नाम से जानते थे, अब इसका एक्सटेंशन कर गोड्डा तक लाया गया है तो यहां लोगों को आसानी होगी। 9 तारीख को उद्धघाटन के बाद कब से ये ट्रेन नियमित रूप से चलेगी। इसे लेकर अबतक रेलवे ने जानकारी नहीं दी है। हालांकि 9 अप्रैल को 4 बजे शाम का समय निर्धारित किया गया हैं जो सुबह से 3:55 में रांची पहुंचेगी। 15 कोच वाले इस ट्रेन को गोड्डा से दुमका के बीच 4 स्टॉपेज दिया गया है। गोड्डा के अलावा यह ट्रेन पोड़ैयाहाट, हसडीहा, नोनीहाट और बारापालसी में रुकेगी। 4 बजे गोड्डा से खुलकर 6:30 बजे यह ट्रेन दुमका पहुंचेगी और 6:45 में दुमका से खुल सुबह 3:55 में रांची पहुंचेगी।