टीम एबीएन, रांची। भाकपा माओवादी केंद्रीय कमिटी और पूर्वी रीजनल ब्यूरो के सदस्य कामरेड अरुण कुमार भट्टाचार्य उर्फ कबीर उर्फ कंचन दा की गिरफ्तारी का विरोध नक्सली कर रहे हैं। इसको लेकर उन्होंने 5 अप्रैल को झारखंड समेत बिहार, पश्चिम बंगाल और असम बंद का ऐलान किया है। नक्सलियों के बंद को देखते हुए पूरे झारखंड में अलर्ट जारी कर दिया गया है। झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा नक्सल प्रभावित जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गयी है। झारखंड पुलिस के आईजी अभियान अमोल होमकर के अनुसार नक्सलियों का बंद रविवार की आधी रात से शुरू हो जायेगा। बंद को लेकर रेलवे और झारखंड पुलिस सर्तक हो गयी है। झारखंड पुलिस मुख्यालय के द्वारा सभी जिलों के एसपी को सर्तकता के लिए दिशा-निर्देश दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने जिला के सभी एसपी को अलर्ट रहने और अति संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। इस निर्देश के बाद जिलों के एसपी ने सभी जवानों को चौकस रहने और अति संवेदनशील इलाकों में दिनभर गश्ती तेज करने का निर्देश दिया है। नक्सली बंद के दौरान माओवादी पुलिस बलों पर हमले की साजिश को भी अंजाम दे सकते हैं, ऐसे में उन्हें अलर्ट रहने को कहा गया है। आईजी अभियान के अनुसार नक्सली बंद के दौरान उनका मुख्य फोकस नक्सलियों के वैसे इलाके हैं, जहां उनकी सक्रियता है। इनमें पारसनाथ, झुमरा, रांची के नक्सल प्रभावित क्षेत्र लातेहार, गढ़वा, पलामू कोल्हान, सरायकेला, गुमला जैसे जिलों पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है।