टीम एबीएन, इटखोरी (चतरा)। झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश दीपक रौशन शनिवार को चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन ऐतिहासिक मां भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए इटखोरी पहुंचें। मंदिर आगमन पर उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ सर्वप्रथम पूरे विधि विधान के साथ मां भद्रकाली की पूजा की। पूजा के दौरान मंदिर के पुजारियों ने उच्च न्यायालय के न्यायाधीश तथा अन्य अतिथियों को आशीर्वाद स्वरुप माता की चुनरी भेंट की। मंदिर के गर्भ गृह की परिक्रमा के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में माता को नारियल की संकल्प बलि अर्पित की। पंचमुखी हनुमान तथा शनिदेव महाराज के मंदिर में शीश नवाने के बाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश ने प्राचीन सहस्र शिवलिंग महादेव का जलाभिषेक किया। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश मंदिर परिसर में अवस्थित बौद्ध स्तूप का भी दर्शन पूजन करने गए। मंदिर परिसर की व्यवस्था तथा साफ सफाई को देखकर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश काफी प्रसन्न दिखें। पूजा के बाद झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश ने स्थानीय अधिकारियों से मंदिर की ऐतिहासिकता की जानकारी ली। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश को जिला परिषद के गेस्ट हाउस में गार्ड आफ आनर भी दिया गया। मंदिर आगमन पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार सिंह, बीडीओ साकेत कुमार सिन्हा, सीआई राम विनय शर्मा ने उनका स्वागत किया।