चैनपुर। चैनपुर थाना क्षेत्र के अपर शंख जलाशय परियोजना के दाईं मुख्य नहर में कार्य कर रहे संवेदक तासिम खान के साइड पर मंगलवार को दिनदहाड़े 40 से 50 जेजेएमपी के हथियारबंद दस्ता ने जमकर उत्पात मचाया। कार्य में लगे पोकलेन मशीन, जेसीबी मशीन व दो हाईवा में जमकर तोड़फोड़ किया। इतना ही नहीं चालकों की पिटाई भी की गई। गंभीर रूप से घायल दो ड्राइवर को इलाज के लिए गुमला भेज दिया गया है। वहीं चार लोगों को आंशिक चोट है। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद चैनपुर थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी व डुमरी थाना प्रभारी मनीष कुमार ने संयुक्त रुप से टीम गठित कर नौगाई डैम मुख्य नहर पहुंचे और क्षतिग्रस्त किए गए वाहनों को सुरक्षा के बीच चैनपुर लाया गया। चैनपुर थाना प्रभारी अमित चौधरी के अनुसार इस मामले की लिखित शिकायत संवेदक ने अभी तक थाना में नहीं दिया है। जानकारी के अनुसार इस घटना को अंजाम देने के पीछे लेवी मुख्य कारण बताया जा रहा है। तोड़ फोड़ किए जाने वाले वाहनों में एक पोकलेन एक जेसीबी मशीन व दो हाईवा शामिल हैं। संवेदक के कर्मियों ने मारपीट में जख्मी लोगों के नाम को बताने से इनकार किया। बता दें कि 3 माह पूर्व जल संसाधन विभाग चैनपुर वन से लगभग 10 करोड़ों का निविदा निकाला गया था। जो कई श्रेणियों में बांटा गया था। कई संवेदक कार्य लेकर काम शुरू किया है।