टीम एबीएन, पलामू। झारखण्ड बालिका आवासीय विद्यालय, तरहसी, पलामू के निर्माण हेतु स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के पत्रांक-39, दिनांक- 06/01/2016 के द्वारा प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद मेसर्स सिलदिलिया कन्स्ट्रक्शन को निर्माण कार्य आवंटित किया गया था। जो आज भी अधूरा है। इस संबंध में झारखण्ड विधानसभा के चलते बजट सत्र-2022 में माननीय डॉ कुशवाहा शशिभूषण मेहता द्वारा अधूरे भवन से संबंधित पूछे गए तारांकित प्रश्न का उत्तर प्रतिवेदन उपलब्ध कराया गया है। डॉ मेहता द्वारा किए गए प्रश्न के विषय की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधक सह कार्यपालक अभियंता, परियोजना कार्यान्वयन ईकाई, पलामू के पत्रांक-96, दिनांक- 14/03/2022 के द्वारा संवेदक मेसर्स सिलदिलिया कन्स्ट्रक्शन को कार्य में विलंब के कारण भविष्य की निविदाओं से वंचित करने की अनुशंसा की गई थी। इस अनुशंसा के आलोक में निगम के पत्रांक- 696, दिनांक- 16/03/2022 के द्वारा संवेदक मेसर्स सिलदिलिया कन्सट्रक्शन को कार्य में विलंब के कारण भविष्य की निविदाओं से वंचित करार दिया गया है। इसके अतिरिक्त निर्माण कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि के बाद के विपत्रों से दस प्रतिशत कटौती करने का आदेश दिया गया है। विधायक डॉ मेहता ने बताया कि, यह पांकी विधानसभा क्षेत्र का दुर्भाग्य है कि 2005 से 2019 तक पूर्व के जनप्रतिनिधि ने विकास मद की राशि को दोनों हाथों से लूटा और लुटाया। जब रक्षक ही भक्षक बन जाए वहां विकास की बात बेईमानी हो जाती है। इसी प्रकार से ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, पुल निर्माण (विशेष प्रमण्डल), भवन निर्माण कार्य, सभी जगह कार्य अधूरे हैं तथा लूट मचा हुआ है। प्रधानमंत्री सड़क योजनाओं के घटिया निर्माण के बाद सड़के उखड़ गई हैं तथा निय्म के मुताबिक पांच वर्षों तक रख-रखाव एवं मरम्मत नहीं की गई है। इनके अलावा कई साझेदार संवेदक हैं जो इनके सह पर भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। परन्तु पाँकी विधानसभा क्षेत्र में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मनातू प्रखण्ड में आदिवासी बच्चों के शैक्षणिक विकास के लिए महत्वाकांक्षी योजना "एकलव्य विद्यालय" को भी लूट का पर्याय बना दिया गया है। इनके द्वारा क्षेत्र में घटिया निर्माण और विकास कार्यों में लूट की लम्बी फेहरिस्त है। इसके बारे में समय-समय जनता को अवगत कराया जाता रहेगा।