टीम एबीएन, रांची। एनसीआर में किसान आंदोलन के पोस्टर ब्वॉय किसान नेता राकेश टिकैत सोमवार शाम को रांची पहुंचे। यहां उन्होंने एसडीसी सभागार में रांची के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जिसमें कई लोगों ने राकेश टिकैत को यहां की स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी दी। लोगों के साथ बैठक करने के बाद ईटीवी भारत से खास बातचीत करते हुए किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि झारखंड में सबसे बड़ी समस्या जमीन लूट की है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि जल जंगल जमीन पर यहां के आदिवासियों और मूलवासियों का अधिकार है। लेकिन यहां पर जमीन और जंगलों की लूट मची हुई है और इसे फिलहाल देखने वाला कोई नहीं है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि झारखंड के आदिवासियों और मूल वासियों के अधिकार को बचाने के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि देश में जब-जब किसानों-मजदूरों और आदिवासियों का शोषण होगा, हम आंदोलन करते रहेंगे।
बता दें कि किसान नेता राकेश टिकैत 22 मार्च और 23 मार्च को लातेहार जिले के नेतरहाट स्थित टुटवापानी मोड़ पर आयोजित किए जा रहे विरोध एवं संकल्प दिवस में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।