टीम एबीएन, रांची। रांची के अशोक नगर रोड नंबर 4 में एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त 70 वर्षीय मालम्बिका अपने घर में अकेली थीं, उसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें चाकू मार दिया। वारदात में उनकी मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलने पर अरगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश में जुटी है।
बेरहमी से की गई हत्या : बुजुर्ग महिला के परिवार वालों ने बताया कि वे सभी घर से बाहर थे, जब घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर के कमरे में 70 वर्षीय मालम्बिका खून से लथपथ पड़ी थीं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें वहां मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला के शरीर पर चाकू से कई बार वार किया गया है। पुलिस की छानबीन के क्रम में यह बात सामने आई है कि घर से कुछ जरूरी कागजात गायब हैं। पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है।