झरिया/सुदामडीह। झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत रिवर साइड स्थित बीसीसीएल के आवास में रह रहे डेको आउटसोर्सिंग के प्रबंधक मधु सिंह के आवास पर शनिवार की सुबह लगभग 5:30 बजे के करीब बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने गोली और बम से हमला कर दिया। गोलियों की तड़तड़ाहट और बम के धमाके से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। वहीं अपराधियों की फायरिंग में एक गोली डेको प्रबंधक मधु सिंह के दाहिने बाजू को चीरते हुए पार कर गई। इस घटना के बाद पूरे कॉलोनी में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं घटना की जानकारी मधु सिंह ने पास के सुदामडीह थाना को दी । सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना पाथरडीह थाना भौरा थाना व सिंदरी एसडीपीओ अजीत कुमार सिन्हा दल बल के साथ उक्त स्थल पहुंचे और घटना की जांच में जुट गए। घटना में घायल मधु सिंह को इलाज के लिए पुलिस पास के चासनाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई है। जांच के दौरान पुलिस ने घटना स्थल से एक जिंदा कारतूस एक खोखा तथा बमो के अवशेष बरामद किया है। घटना के संबंध में मधु सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह करीब 5:30 बजे बाइक से दो अज्ञात लोग हमारे घर पर आए और जोर जोर से दरवाजा पीटते हुए कह रहे थे कि जल्दी दरवाजा खोलो। इसके बाद जब हमने दरबाजा खोला तो उसने कहा कि ये चिठ्ठी लो अमन सिंह ने दिया है। इस पर हमने कहा कि कौन अमन सिंह और आप कौन हो अपना मास्क हटा कर परिचय दो इतना कहते ही एक युवक रिवॉल्वर निकाल कर हमारे ऊपर फायरिग कर दी । और फिर दहशत फैलाने के लिए बम से हमला कर फरार हो गए। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में भी हमारे ऊपर हमला हुआ था जिसकी जांच चल रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना से हमे ऐसा प्रतीत हो रहा है की अपराधियो ने हमारी हत्या के मकसद से मुझ हमला किया है। सिंदरी एसडीपीओ ने कहा कि शनिवार की सुबह सूचना मिली कि बाइक सवार अज्ञात अपराधीयो ने मधु सिंह के ऊपर गोली चली है। जिसके बाद पुलिस उक्त स्थल पहुंची और घटना की जांच पड़ताल में जुट गई। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान घटना स्थल से एक जिंदा कारतूस, एक खोका और बम के अवशेष बरामद किए गए है। उन्होंने कहा कि घटना की हर बिंदु पर जांच की जा रही है, अपराधी कोई भी हो उसे बहुत जल्द गिरफ्त मे ले लिया जायेगा। जांच होने के बाद ही कुछ बताया जा सकता है।