टीम एबीएन, रांची। रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती लालू प्रसाद की मुश्किलें कम होने के नाम नहीं ले रही है। दांत दर्द की शिकायत और उसके इलाज के बाद अब लालू का क्रिएटिनीन लेवल बढ़ गया है। कल शाम आयी जांच रिपोर्ट में इसके संकेत मिलने के बाद उनके इलाज में जुटे डॉक्टर्स उनके स्वास्थ्य को लेकर थोड़े चिंतिंत हैं। रिम्स के मेडिसीन विभाग के एचओडी और लालू प्रसाद का इलाज करने वाले डॉक्टर विद्यापति ने बताया कि जब लालू प्रसाद रिम्स आये थे तब उनका क्रिएटिनीन लेवल 3.5 था, जो कि नए रिपोर्ट में 4.1 है। डॉ विद्यापति के अनुसार लालू प्रसाद की किडनी खराब है और वह स्टेज 4 में हैं। ऐसे में इस तरह का क्रिएटिनीन लेवल का बढ़ना घटना असामान्य नहीं है। ऐसे मामलों में अक्सर ऐसा होता रहता है। रिम्स के जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ डीके सिन्हा ने बताया कि लालू प्रसाद की किडनी जांच में क्रिएटिनीन लेवल थोड़ा बढ़ा मिला है पर उनकी स्थिति स्टेबल है। क्योंकि बाकी अन्य जांच रिपोर्ट पहले जैसे ही हैं ऐसे में दवाओं और खानपान में परहेज के द्वारा उनकी स्थिति को सामान्य बनाये रखने की कोशिश रिम्स की है। डॉ सिन्हा ने कहा कि अभी लालू प्रसाद को डायलिसिस की कोई जरूरत नहीं है और डॉक्टरों की टीम जिसमें नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ प्रज्ञा पंत भी शामिल हैं वह उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।
: इससे पहले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद दांत दर्द से परेशान थे। जिसके बाद रिम्स के डेंटल इंस्टिट्यूट में उनका RCT कराया गया था। रिम्स के डेंटल इंस्टिट्यूट के डॉक्टर्स के अनुसार जिन दांतों का RCT यानी रुट कैनाल ट्रीटमेंट हुआ है उसमें फिलिंग भी की गई है। अब उस पर जल्द कैपिंग की प्लानिंग की जा रही है। बता दें कि 15 फरवरी को चारा घोटाला मामले के डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में सजा मिलने के बाद लालू प्रसाद रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज मेडिसीन विभाग के एचओडी के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम कर रही है।