टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना की रफ्तार कम हो गई है। लेकिन मंगलवार को मिले नए कोरोना मरीजों की संख्या ने एकबार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को झारखंड में कोरोना के कुल 90 नए मरीज मिले। जिसमें से 75 तो केवल रांची से मिले हैं। कोरोना के इस आंकड़े ने सोचने को मजबूर कर दिया है कि जरा सी लापरवाही बड़ी भारी पड़ सकती है। इसलिए जरूरत है कि कोरोना गाइडलाइन का पालन सही किया जाए। पिछले कई दिनों से झारखंड में कोरोना के नए मरीजों के मिलने की संख्या 20 के आस-पास थी। लेकिन मंगवलवार को अचानक नए मरीजों की संख्या 90 हो गई। जबकि 15 मरीज कोरोना से मुक्त हुए। वहीं राज्य में अब कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 274 रह गई है। विशेषज्ञों की माने तो लगातार मौसम परिवर्तन की वजह से लोगों में कोरोना के लक्षण देखे जा रहे हैं, जिसके बाद कहीं न कहीं आकड़े में परिवर्तन हुआ है और कुछ एक जिलें में संक्रमित मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, खूंटी, लातेहार, पलामू और रांची जिले में संक्रमित मरीज पाए गए हैं। इसके अलावा झारखंड के 16 जिलों में एक भी नया मरीज नहीं मिला है। गौरतलब है कि संक्रमित मरीजों की संख्या को कम करने के लिए सरकार लगातार लोगों से अपील कर रही है कि भले ही मरीज कम मिल रहे हों, लेकिन अभी भी राज्य में लोगों को सचेत रहने की ज़रूरत है। ताकि फिर से स्थिति पूर्व की तरह भयावह ना हो।