पलामू : रिमांड होम से चार दिनों में पांचवां बच्चा फरार
ABN Bureau• 17 Apr, 2021
1 Views
विज्ञापन
मेदिनीनगर। जिला मुख्यालय स्थित रिमांड होम से फिर एक नाबालिग के भाग जाने के बाद प्रशासन सकते में है। चार दिन के अंतराल में यह दूसरी घटना है जब रिमांड होम से बच्चा फरार हुआ है। अभी 13 और 14 अप्रैल को भी दो-दो बच्चे बाल गृह और रिमांड होम से सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर दीवार फांद कर भाग गए थे। जिनका अभी तक कोई अता पता नहीं चला है। शुक्रवार की रात रिमांड होम की छत से पेड़ के सहारे उतरकर एक और बच्चा फरार हो गया। बच्चों के लगातार भागने से रिमांड होम और बालगृह की सुरक्षा के साथ साथ अंदर रख रखाव की व्यवस्था व सक्रियता पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार भागने वाले नाबालिक की उम्र 17 वर्ष है। वह लातेहार जिले के चंदवा का रहने वाला है। दुष्कर्म के एक मामले में उसे रिमांड होम में रखा गया था। रात के ढाई बजे उसके भागने का वीडियो सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ है। सूचना मिलने के बाद समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चैहान, एसडीपीओ के. विजय शंकर, एसडीएम राजेश कुमार साह सहित अन्य पदाधिकारियों ने रिमांड होम का जायजा लिया। बच्चे के फरार होने की सूचना जिले के उपायुक्त और एसपी को भी दी गयी है।