टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा में 3 मार्च को पेश होने वाले झारखंड के बजट 2022 को लेकर कोडरमा सांसद सह केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सरकार को कई सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि आंकड़ों के मुताबिक पिछले बजट की राशि भी राज्य सरकार खर्च करने में नाकाम रही है। ऐसे में राज्य सरकार बजट की राशि को खर्च कर सके ऐसा बजट तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार जैसे मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर राज्य सरकार को बजट पेश करना चाहिए। ताकि यहां के लोगों को बजट से लाभ मिल सके और राज्य का इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत हो सके। कोडरमा स्थित अपने आवासीय परिसर में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि एक तरफ तो हेमंत सरकार केंद्र सरकार पर फंड देने के नाम पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाती हैं। लेकिन, जिन योजनाओं के लिए केंद्र की ओर से झारखंड सरकार को पैसे दिए जाते हैं, उनमें से अधिकांश योजनाओं की राशि खर्च नहीं होने के कारण फंड वापस लौट जाता है।
केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि ऐसे में राज्य सरकार को केंद्र प्रायोजित योजनाओं को ध्यान में रखते हुए बजट बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2 सालों से राज्य सरकार बजट की राशि पूरी तरह से खर्च नहीं कर पाई है और यह उसकी नाकामी को दर्शाता है।