टीम एबीएन, रांची। जिले के बेड़ो में जंगली हाथी ने एक महिला को कुचल दिया। घटना नगड़ी थाना क्षेत्र के डोरिया टोली गांव की है। जहां देर रात खाने की तलाश में जंगली हाथी गांव में घुसा और घर के बरामदे में सो रही महिला पर अचानक हमला कर दिया और उसकी जान ले ली। जानकारी के अनुसार महिला अपने घर के बरामदे में सो रही थी, लेकिन हाथी के आने की आहट मिलने पर वह जैसे उठी, हाथी ने सूंड से पकड़ कर पटक दिया और फिर पैर से कुचल कर मार डाला। घटना की सूचना रांची वन विभाग और नगड़ी थाना को दे दी गई।
झारखंड में जंगली हाथियों का उत्पात कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन गांवों में जंगली हाथियों के उत्पात की खबरें आती हैं, जहां कभी जंगली हाथी गांवों में घुसकर ग्रामीणों के फसलों को रौंद देते हैं। तो कभी किसी की जान ले लेते हैं। इससे कुछ दिन पहले भी गुमला में जंगली हाथी ने 50 वर्षीय व्यक्ति का पहले एक हाथ उखाड़ फेंका और फिर पटक-पटक कर घटनास्थल पर ही उसकी जान ले ली। हर बार घटना की सूचना वनविभाग और पुलिस को दी जाती है, लेकिन वन विभाग कुछ मुआवजा देकर आक्रोशित ग्रामीणों को शांत करवा देती है। संबंधित विभाग को ग्रामीणों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कड़े कदम उठाने की जरूरत है।