रांची। रांची विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय व जनजातीय भाषा विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ गिरिधारी राम गंझू का गुरुवार को निधन हो गया। जानकारी के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। उन्हें इलाज के लिए मेडिका, सेंटेविटा और गुरुनानक अस्पताल में दाखिल करने के लिए ले जाया गया था, लेकिन कोविड जांच नहीं होने की बात कह कर उन्हें दाखिल नहीं किया गया। इसके बाद उन्हें कोविड जांच के लिए ले जाया गया, लेकिन इसी दौरान उनका निधन हो गया। डॉ गिरिधारी राम गंझू नागपुरी भाषा के अच्छे जानकार थे। उनकी कई किताबें भी प्रकाशित हुई हैं। डॉ गंझू सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी काफी सक्रिय रहा करते थे।