टीम एबीएन, गुमला। उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु जिला स्तरीय कारा सुरक्षा समिति की बैठक आटीडीए भवन स्थित उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में की गई।
बैठक में कारा अधीक्षक द्वारा मंडल कारा गुमला में 01 बैरक की व्यवस्था, उत्तर एवं पूर्व की मुख्य दीवार की ऊंचाई और चार फीट बढ़ाने, मंडल कारा में 20 अदद स्टाफ क्वार्टर के निर्माण कार्य की आवश्यकता बताई गई। उत्तर एवं पूर्व की मुख्य दीवार की ऊंचाई और चार फीट बढ़ाने के संबंध में बताया गया कि भवन प्रमंडल को इस संबंध में पत्राचार किया गया है किंतु भवन प्रमंडल द्वारा निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। भवन प्रमंडल द्वारा निर्माण कार्य लंबित रखने पर उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता के विरूद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में मंडल कारा की सुरक्षा के दुष्टिकोण से हाई मास्ट लाईट के मरम्मत तथा कारा में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल करने की आवश्यकता बताई गई। जिसपर उपायुक्त ने हाई मास्ट लाईट की मरम्मत हेतु गैर सरकारी एजेंसी से प्राक्कलन प्राप्त कर मरम्मती सुनिश्चित करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर के अधिष्ठापन हेतु विभाग से पत्राचार करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने मंडल कारा में अधिष्ठापित होने वाले सीसीटीवी कैमरों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि 110 सीसीटीवी कैमरों के अधिष्ठापन का कार्य प्रगतिशील है। मार्च माह के अंत तक सभी 110 कैमरों का अधिष्ठापन सुनिश्चित कर लिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मंडल कारा के प्रवेश द्वार से लेकर पेरिमीटर वॉल के अंदर एवं बाहर तथा कैदियों के बैरक को आच्छादित किए जाने की भी जानकारी दी गई। जिसपर उपायुक्त ने कैमरों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में कारा अधीक्षक द्वारा रात्रि में प्रॉपर्टी लाईन/ बाउंड्री वॉल के चारों तरफ पुलिस बल द्वारा औचक गश्ती की आश्यकता बताई गई। जिसपर उपायुक्त ने जिला पुलिस बल द्वारा रात्रि पुलिस पैट्रोलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक डॉ.एहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त हेमंत सती, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, सार्जेंट मेजर, कारा अधीक्षक सुनील कुमार, सहायक खनन पदाधिकारी रामनाथ राय व अन्य उपस्थित थे।