टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना का कहर अब पहले से कम हो गया है। वहीं हर दिन मिलने वाले संक्रमित भी घट गए हैं। राजधानी की बात करें तो सदर हॉस्पिटल कोरोना से फ्री हो चुका है। वहां पर कोरोना के एक भी मरीज नहीं हैं, जबकि इंटीग्रेटेड कोविड सेंटर रिम्स में मात्र 10 मरीज इलाजरत हैं। वहीं नए मरीज भी अब नहीं के बराबर एडमिट हो रहे हैं। डॉक्टरों की माने तो जल्द ही रिम्स भी कोविड से फ्री हो जाएगा। वहीं सामान्य मरीजों का भी इलाज ट्रामा सेंटर में शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल, डेंगू वार्ड में 3 और पेडियाट्रिक वार्ड में 3 मरीजों का इलाज चल रहा है। हॉस्पिटल में भले ही कोविड के मरीजों की संख्या कम हो गई है, जिससे कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और डॉक्टरों ने राहत की सांस ली है। लेकिन अब भी विभाग कोई रिस्क लेने के मूड में नहीं है। इसलिए रिम्स से लेकर सदर और रिसालदार बाबा अर्बन सेंटर के अलावा सीसीएल में बेड रिजर्व रखे गए हैं, जिससे कि किसी भी आपात स्थिति से निबटा जा सके। जल्द ही सदर हॉस्पिटल में बेड को सामान्य मरीजों के लिए खाली कर दिया जाएगा। इसके अलावा सीसीएल में भी मरीजों का सामान्य रूप से भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।