झारखंड
पलामू : एनएच के गड्ढों को देख आयुक्त नाराज
ABN Bureau
•
13 Apr, 2021
•
11 मिनट में पढ़ें
28 Views
विज्ञापन
मेदिनीनगर। पलामू प्रमंडलीय आयुक्त जटाशंकर चौधरी ने अपने कार्यालय वेश्म में एनएच के निर्माण एवं भू-अर्जन के प्रगति की समीक्षा बैठक की। आयुक्त ने पलामू प्रमंडल क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ एनएच 75 एवं 98 के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए टाइमलाइन के तहत कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने समीक्षा के दौरान एनएच पर बड़े-बड़े गड्ढों पर नाराजगी जताते हुए उसे शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दिया। बेहतर पथ निर्माण से समय की बचत के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं को भी कम किया जा सकेगा। एनएचएआई के परियोजना निदेशक द्वारा बताया गया कि एनएच के गड्ढों को भरने हेतु टेंडर आमंत्रित किया गया है, जिसकी अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित है। आयुक्त ने प्रमंडल क्षेत्र के लातेहार जिले के कुंडू-उदयपुर की एनएच निर्माण, लातेहार एवं पलामू जिला अंतर्गत उदयपुरा-भोगू सड़क, पलामू जिले के भोगू-शंखा, पलामू एवं गढ़वा जिलाअंतर्गत शंखा-खजूरी एवं गढ़वा जिले के खजूरी- विंढमगंज एनएच निर्माण कार्यो में तेजी लाने एवं भू-अर्जन तथा मुआवजा राशि भुगतान करने का निदेश दिया। उन्होंने 15 दिनों पर एनएच के निर्माण कार्यों की समीक्षा करने की बातें कही, ताकि निर्माण कार्य में गति लाते हुए इसे पूर्ण किया जा सके। उन्होंने एनएचएआई के परियोजना निदेशक को तीनों जिले के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर भू- अर्जन कार्य एवं रैयतों को मुआवजा राशि भुगतान का निर्देश दिया। आयुक्त ने पलामू क्षेत्र के एनएच-75 के लिए भूमि का स्थानांतरण संबंधित कार्रवाई एक सप्ताह में पूर्ण कराने तथा मई के प्रथम सप्ताह तक राशि भुगतान कराने का निर्देश दिया। वहीं एनएच- 98 के लिए भूमि का स्थानांतरण की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराने एवं गांवों का एलाइमेंट चेंज कराने संबंधित कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। बैठक में आयुक्त के सचिव मतियस विजय टोप्पो, पलामू डीएफओ राहुल कुमार, लातेहार डीएफओ दिलीप कुमार यादव, गढ़वा के उप विकास आयुक्त सत्येंद्र नारायण उपाध्याय, एनएचएआई के परियोजना निदेशक प्रभात कुमार, पलामू के अपर समाहर्ता सुरजीत कुमार सिंह, भू-अर्जन पदाधिकारी अमित प्रकाश, उपनिदेशक जनसंपर्क आनंद आदि उपस्थित थे।
इधर, आयुक्त ने प्रमंडलीय कार्यालय में मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल, भवन सहित अन्य निर्माण कार्य एवं कॉलेज में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने संबंधित कार्यो के प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में आयुक्त श्री चौधरी ने कहा कि एमएमसीएच के अस्पताल भवन निर्माण के कार्यों में तेजी लाते हुए उसे पूरा कराएं, ताकि अस्पताल शुरू हो सके। कॉलेज में पेयजल की पर्याप्त सुविधा एवं फर्नीचर का संधारण भी सुनिश्चित किया जाए। प्राचार्य आवास व स्टॉफ क्वार्टर का निर्माण भी शीघ्र सुनिश्चित करायें। आयुक्त ने स्टॉफ क्वार्टर 31 मई तक पूर्ण कराने, गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं को शिफ्ट कराये जाने, ब्वॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल के बीच गेट और अस्थाई वाउंड्री लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य कराने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता या त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पेयजल, बिजली सहित अन्य समस्याओं को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बातचीत कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पेयजल संबंधित समस्याओं को दूर करने का निर्देश दिया। शापूरजी-पालनजी के प्रोजेक्ट इंचार्ज ने आयुक्त को बताया कि अस्पताल भवन निर्माण हेतू फॉरेस्ट क्लीयरेंस के लिए लंबित है। उन्होंने आयुक्त से सहयोग की अपेक्षा जताई ताकि निर्माण कार्य ससमय कराई जा सके। आयुक्त ने तत्परता दिखाते हुए पलामू के अपर समाहर्ता से दूरभाष पर संपर्क किया तो अपर समाहर्ता द्वारा बताया गया कि 500 बेडेड अस्पताल की अनापत्ति प्रमाण पत्र मांग की गई थी, जिसका अनापत्ति प्रमाण पत्र निर्गत किया जा चुका है। आयुक्त ने शापूरजी पालनजी के प्रोजेक्ट इंचार्ज को टाइम लाइन निर्धारित करते हुए प्राथमिकता के तहत कार्यों को करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने तत्काल दूरभाष पर एसपी को कॉलेज परिसर में महिला होमगार्ड की तैनाती करने का निर्देश दिया। साथ ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को एसपी को रिक्विजिशन देने की बातें कही। साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए बस की व्यवस्था हेतु स्वास्थ्य सचिव को पत्र लिखने का निर्देश दिया। उन्होंने 500 बेड के अस्पताल निर्माण एवं अन्य बचे निर्माण कार्यो के संबंध में अगले सप्ताह तक टाइमलाइन निर्धारित करने को कहा जिसके आधार पर 15 दिनों पर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में आयुक्त के सचिव मतियस विजय टोप्पो, एमएमसीएच के प्रचार्य ज्योति रंजन, अधीक्षक केएन सिंह, उप निदेशक जनसंपर्क आनंद, शापूरजी पालनजी के प्रोजेक्ट इंचार्ज कामलेन्दू सरकार, पंकज सिंह, राजीव चौबे आदि उपस्थित थे।
विज्ञापन