टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू रांची की दो बच्चियों आद्या लक्ष्मी और शांभवी तिवारी ने सेल सेफ्टी आर्गनाइजेशन द्वारा आयोजित आनलाईन आशुभाषण प्रतियोगिता में क्रमश: प्रथम और तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इस माह की 10 तारीख को आयोजित हुई इस प्रतियोगिता में सुरक्षा से जुड़े मामलों पर सेल सेफ्टी आर्गनाइजेशन के तत्वावधान में आनलाइन आशुभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। डीएवी कपिलदेव के प्राचार्य सह झारखंड जोन एफ के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी एम के सिन्हा ने प्रतियोगिता में सफल आए बच्चों को शुभकामनाएं दी हैं और भविष्य में और अच्छा करने के लिए निरंतर अभ्यास करने को कहा है। डीएवी पब्लिक स्कूल्स नई दिल्ली1 के निदेशक डॉ जेपी शूर ने भी प्रतियोगिता में सफल रहे बच्चों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में डॉ शूर ने कहा है कि डीएवी कपिल देव के बच्चे सदा अच्छा करते रहे हैं और उन्हें पूरी उम्मीद है कि ये बच्चे भविष्य में और ज्यादा अच्छा करेंगे। श्री शूर ने कहा कि डीएवी के बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर पर भी उल्लेखनीय सफलताएं प्राप्त की हैं और डीएवी विद्यालयों को प्रतिनिधित्व दिया है। उल्लेखनीय है कि सेल के तत्वावधान में हर वर्ष सेल सेफ्टी सप्ताह का आयोजन किया जाता है और इस अवसर पर भविष्य के नागरिक बच्चों को सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी जाती है तथा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।