टीम एबीएन, रांची। साउथ अफ्रीका के माली में फंसे प्रवासी मजदूर की तीसरी खेप में मंगलवार को 10 मजदूरों की वतन वापसी हुई है। शेष मजदूर अब भी वहां फंसे हुए हैं। मजदूरों ने बताया कि वहां फंसे शेष मजदूरों की भी वापसी 19 फरवरी को हो जाएगी। तीसरे जत्थे में वतन लौटे मजदूर गिरिडीह और हजारीबाग के हैं। वापस लौटे मजदूरों में गिरिडीह जिला के सरिया प्रखंड के खुट्टा निवासी गोपाल महतो, श्रीरामडीह निवासी संतोष महतो, डुमरी प्रखंड के कसमाकुरा के सहदेव महतो, बिष्णुगढ़ प्रखंड के मडमो निवासी त्रिलोकी महतो, महतोईया निवासी जिबाधन महतो, उच्चाघाना निवासी सुनील महतो, तिलक महतो, संदीप महतो, नंदलाल महतो और सुकर महतो शामिल हैं। वतन लौटने पर मजदूरों ने खुशी जताई साथ ही परिजनों में भी उत्साह का माहौल है। मजदूरों ने रांची पहुंचने पर सबसे पहले माथे पर मिट्टी का तिलक लगाया। मजदूरों ने वतन वापसी होने पर केंद्र और राज्य सरकार के साथ कोडरमा सांसद सह केंद्रीय राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी और प्रवासी मजदूरों के हितार्थ काम करने वाले सिकंदर अली को भी धन्यवाद दिया। यहां बता दें कि गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो जिला के 33 मजदूर दक्षिण अफ्रीका के माली में फंसे हुए थे। मजदूरों ने पहली बार 16 जनवरी को सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो शेयर कर अपनी पीड़ा को साझा करते हुए वतन वापसी में सहयोग की अपील की थी। इसके बाद केंद्र एवं राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद मजदूरों को ना सिर्फ भारतीय दूतावास लाया गया था बल्कि बकाया मजदूरी का भी भुगतान कराया गया था। इसके बाद रांची में 7 फरवरी को पहली बार में 7 और फिर 7 मजदूरों की वतन वापसी हुई थी।