टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित रिम्स में बने जन औषधि केंद्र में आज से 7 प्रतिशत डिस्काउंट के साथ जेनरिक दवाएं मिलेंगी। दरअसल रिम्स स्थित जन औषधि केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी अब बिंध्या मेडिको को दी गयी है। यह एजेंसी मरीजों को सात प्रतिशत तक की छूट देगी। बता दें, जेनरिक दवा पहले से ही सस्ती दर पर आती है, इसमें भी सात प्रतिशत तक की छूट से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। बताया जा रहा है कि एजेंसी का चयन तकनीकी और फाइनेंसियल बिड के आधार पर किया गया है। इस पर रिम्स की शाषी परिषद ने मुहर लगाई थी।
रिम्स गेट के पास 20 अगस्त 2021 तक निजी जेनेरिक दवाई केंद्र मौजूद था, जिसे जुलाई के महीने में हटाने का निर्देश दिया गया था। हटाने के निर्देश के एक माह के अंदर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र को पूण रूप से सुचारू कर लिया जाना था। लेकिन, 20 अगस्त तक निजी जेनेरिक केंद्र बंद होने के बाद प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र शुरू होने में पांच महीने का समय लग गया।
खुलने में लगा डेढ़ महीने का समय : मिली जानकारी के अनुसार एजेंसी चयन के बाद भी जन औषधि केंद्र खुलने में करीब डेढ़ माह का समय निकल गया। इस बीच एजेंसी को केंद्र सरकार से अनुमति लेनी पड़ी और इसके बाद ड्रग लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। जब ड्रग विभाग की ओर से सारे डॉक्यूमेंट का सत्यापन किया गया, तब जाकर एजेंसी को क्लीन चिट मिली।
हाईकोर्ट ने भी जताई थी नाराजगी : मालूम हो कि झारखंड हाईकोर्ट ने रिम्स में जन औषधि केंद्र नहीं खोले जाने पर कड़ी नाराजगी जताई थी। अदालत ने कहा था कि लोग दो-तीन माह से बाहर से दवाएं खरीद रहे हैं, उन्हें आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। कोर्ट के आदेश के बाद भी रिम्स की ओर से अभी तक जन औषधि नहीं खोला जाना काफी दुखद है। इस टिप्पणी के बाद रिम्स निदेशक ने आश्वस्त किया था कि वह जनवरी तक जन औषधि केंद्र खोलने की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे।